नई दिल्ली, 29 मई।
भारत और कनाडा ने अपने द्विपक्षीय व्यापारिक संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए एक 'व्यापार एवं निवेश मंच' की शुरुआत की है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की तीन दिवसीय (25-27 मई) सफल कनाडा यात्रा के बाद, मंत्रालय ने शुक्रवार को इस नई पहल की जानकारी दी। इस मंच का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के व्यापारिक समुदायों को करीब लाना और आर्थिक विकास के नए अवसर पैदा करना है।
कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनींदर सिद्धू और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ताओं के दौरान, दोनों देशों ने 'व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते' (सीईपीए) को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई है। दोनों पक्षों का साझा लक्ष्य इस वर्ष के अंत तक इस वार्ता को निष्कर्ष तक पहुँचाना है।
अपनी यात्रा के दौरान, पीयूष गोयल ने 150 से अधिक सदस्यों वाले एक बड़े व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया और वहां के व्यापार जगत के दिग्गजों के साथ विस्तृत चर्चा की। दोनों देशों ने व्यापारिक सुगमता, लोगों के आपसी संपर्क और प्रत्यक्ष वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की है। इसके साथ ही, कनाडा ने इस साल के अंत तक एक 'टीम कनाडा ट्रेड मिशन' को भारत भेजने की घोषणा की है, जो दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को और अधिक सशक्त बनाएगा।






.jpg)



