प्रयागराज, 29 मई।
इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने नोएडा के श्रमिक आंदोलन से जुड़े मामले में गिरफ्तार वरिष्ठ पत्रकार सत्यम वर्मा की याचिका पर प्रदेश सरकार से जवाब तलब किया है। न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय और न्यायमूर्ति देवेंद्र सिंह प्रथम की खंडपीठ ने याची के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनने के बाद यह आदेश पारित किया।
याची सत्यम वर्मा की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एसएफए नक़वी, शाश्वत आनंद और अंकुर आज़ाद ने पैरवी की। कोर्ट में दाखिल बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका में पत्रकार की गिरफ्तारी, हिरासत और निरंतर न्यायिक अभिरक्षा की वैधानिकता को चुनौती दी गई है। याचिका में तर्क दिया गया है कि गिरफ्तारी के दौरान संविधान और कानून द्वारा निर्धारित सुरक्षा उपायों का उल्लंघन किया गया है और व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जुड़े अधिकारों की अनदेखी की गई है।
उल्लेखनीय है कि सत्यम वर्मा को नोएडा के फेज-2 औद्योगिक क्षेत्र में हुए श्रमिक आंदोलन, हिंसा और आगजनी से संबंधित मामलों में गिरफ्तार किया गया था। अब न्यायालय ने इस मामले में राज्य सरकार को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किया है।









