प्रयागराज, 30 मई ।
उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने शनिवार को प्रयागराज मंडल कार्यालय में स्थापित आधुनिक विद्युत कर्षण नियंत्रण केंद्र (ट्रैक्शन रिमोट कंट्रोल केंद्र) का उद्घाटन किया, जिसे रेलवे संचालन को अधिक सुरक्षित, दक्ष और तकनीकी रूप से उन्नत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उद्घाटन के दौरान महाप्रबंधक ने टीआरडी विभाग के वरिष्ठ तकनीशियन ओम प्रकाश से फीता कटवाकर कार्यक्रम की शुरुआत कराई, जो इसी विभाग में कार्यरत हैं और दिसंबर में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। इसके बाद उन्होंने नियंत्रण केंद्र का विस्तृत निरीक्षण किया और अधिकारियों को उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं सुनिश्चित करने तथा आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि यह केंद्र विद्युत कर्षण प्रणाली की निगरानी, नियंत्रण और संचालन को अधिक प्रभावी और सुरक्षित बनाने के लिए तैयार किया गया है, जिससे रेलवे के परिचालन में दक्षता बढ़ेगी और तकनीकी सूचनाओं का त्वरित विश्लेषण संभव हो सकेगा।
वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर टीआरडी वीरेंद्र वर्मा ने प्रस्तुति के माध्यम से इस नियंत्रण केंद्र की कार्यप्रणाली और साइबर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह प्रणाली अत्याधुनिक तकनीकों से सुसज्जित है, जिससे रेल संचालन से जुड़ी सूचनाओं की निगरानी और नियंत्रण अधिक सुरक्षित ढंग से किया जा सकेगा।
इस नई व्यवस्था में साइबर सुरक्षा को विशेष रूप से मजबूत किया गया है, जिससे डेटा को सुरक्षित रखते हुए साइबर हमलों से बचाव सुनिश्चित किया जा सकेगा। साथ ही यह प्रणाली ऊर्जा प्रबंधन और विद्युत आपूर्ति की सतत निगरानी में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रशासन के अनुसार यह नियंत्रण केंद्र रेलवे संचालन की विश्वसनीयता बढ़ाने के साथ-साथ नेटवर्क मैनेजमेंट सिस्टम में बाधा आने की स्थिति में भी त्वरित और सटीक जानकारी उपलब्ध कराएगा, जिससे परिचालन कार्यों में निरंतरता बनी रहेगी।
बताया गया कि प्रयागराज मंडल के इस केंद्र को आरडीएसओ स्पेस-130 प्रणाली से उन्नत कर आरडीएसओ स्पेस-134 प्रणाली में परिवर्तित किया गया है, जिससे डेटा एक्सेस की गति अधिक तेज हुई है और तकनीकी दक्षता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।






.jpg)



