सीहोर, 4 जून ।
इछावर नगर परिषद क्षेत्र में नालों की सफाई और अधूरे विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और नाले में उतरकर सफाई करने के बाद निकाला गया कचरा परिषद कार्यालय के बाहर डालकर आक्रोश जताया।
प्रदर्शन की शुरुआत नाले के पास धरना देकर की गई, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने स्वयं नाले में उतरकर सफाई की और वहां से निकले कचरे को एक वाहन में भरकर नगर परिषद कार्यालय तक पहुंचाया, जहां उसे कार्यालय के बाहर डालकर विरोध दर्ज कराया गया।
इस आंदोलन का नेतृत्व पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती और वार्ड क्रमांक-15 के पार्षद जुनैद खान ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल रहे।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि नगर के कई हिस्सों में लंबे समय से नालों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण बरसात के दौरान जलभराव और गंदगी की समस्या गंभीर हो जाती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वार्ड क्रमांक-15 के पार्षद जुनैद खान ने बताया कि कई बार नगर परिषद को ज्ञापन देने के बावजूद न तो नालों की सफाई व्यवस्था सुधरी है और न ही अधूरे विकास कार्यों को पूरा किया गया है, जिसके कारण हल्की बारिश में ही सड़कों और रिहायशी इलाकों में गंदा पानी भर जाता है।
पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल ने कहा कि नगर परिषद को प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य पूरे करने और नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता है, अन्यथा कांग्रेस आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।




.jpg)

.jpg)



