भोपाल, 4 जून ।
मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में स्वास्थ्य अधोसंरचना विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं और उनकी सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों के साथ-साथ फर्नीचर, उपकरण और मानव संसाधन की व्यवस्था समय पर पूरी की जाए, ताकि नए स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाएं शीघ्र शुरू की जा सकें और संचालन में किसी प्रकार की देरी न हो।
उन्होंने ऐसे प्रस्तावों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए जिनमें स्थल के अनुसार परिवर्तन या कार्य विस्तार की आवश्यकता है, ताकि स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके और विकास कार्य बाधित न हों।
बैठक में आयुक्त लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा धनराजू एस ने जानकारी दी कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बीपीएचयू, सीसीएचबी और औषधालय सहित कुल 137 स्वास्थ्य संस्थानों का निर्माण वर्ष 2026-27 में किया जा रहा है, जिनमें से 45 कार्य पूर्ण हो चुके हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जून माह के अंत तक 7 अतिरिक्त संस्थान पूरे कर लिए जाएंगे, जबकि दूसरी तिमाही में 28, तीसरी तिमाही में 33 तथा वित्तीय वर्ष के अंत तक 13 और संस्थानों का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे वर्ष के अंत तक कुल 126 स्वास्थ्य संस्थान तैयार हो जाएंगे।




.jpg)

.jpg)



