न्यू चंडीगढ़, 30 मई ।
राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच और क्रिकेट निदेशक कुमार संगकारा ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें जल्द ही भारतीय टीम में जगह मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि आईपीएल 2026 में वैभव ने दुनिया के शीर्ष गेंदबाजों के खिलाफ जिस तरह निडर और प्रभावशाली बल्लेबाजी की है, उससे यह स्पष्ट होता है कि वह बड़े स्तर की चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार के बावजूद 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने 47 गेंदों में 96 रनों की शानदार पारी खेली और पूरे टूर्नामेंट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
संगकारा ने कहा कि फ्रेंचाइजी को वैभव के प्रदर्शन पर गर्व है और टीम चाहती है कि वह भविष्य में भी इसी आत्मविश्वास और निडरता के साथ खेलता रहे तथा अपनी प्रतिभा को और निखारे।
उन्होंने यह भी कहा कि वैभव ने कठिन परिस्थितियों में भी बेहतरीन समझदारी दिखाई है और धीमी पिच तथा लगातार गिरते विकेटों के बीच भी उसने मैच की स्थिति के अनुसार बल्लेबाजी कर अपनी परिपक्वता साबित की है।
कुमार संगकारा ने बताया कि टीम प्रबंधन ने वैभव के विकास के लिए विशेष योजना बनाई है, जिसमें मानसिक दबाव से दूर रखते हुए उसे टीम बैठकों, वीडियो विश्लेषण और अभ्यास सत्रों में सक्रिय रूप से शामिल किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आगामी समय में मेडिकल टीम और कोचिंग स्टाफ के साथ मिलकर उसके प्रशिक्षण कार्यक्रम को और बेहतर बनाया जाएगा ताकि उसका प्रदर्शन निरंतर उन्नत हो सके।
संगकारा ने कप्तान रियान पराग और पूरी टीम के प्रयासों की भी सराहना की और कहा कि चुनौतियों और उतार-चढ़ाव के बावजूद टीम ने बेहतरीन जुझारूपन दिखाया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्थान रॉयल्स अब केवल युवा खिलाड़ियों को तैयार करने वाली टीम नहीं बल्कि मैच और टूर्नामेंट जीतने वाली प्रतिस्पर्धी टीम बन चुकी है।










