भोपाल, 01 जून।
राजधानी भोपाल में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत भारत में वीर भारत न्यास द्वारा आयोजित सात दिवसीय सदानीरा समागम में आज (सोमवार) शाम 7 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर उनके साथ साइप्रस, फ़िजी और मैक्सिको के दूतावासों के प्रतिनिधि भी मंच साझा करेंगे।
वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने जानकारी दी कि सदानीरा समागम की सांस्कृतिक संध्या में विभिन्न प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के पूर्व रंग मंच पर छतरपुर की अनामिका पांडे एवं उनके साथियों द्वारा बुंदेली लोकगीतों की प्रस्तुति दी जाएगी।
इसी क्रम में अंतरंग सभागार में दक्षिण कोरिया के मुट डांस कंपनी द्वारा तैयार प्रस्तुति ‘क्रिटिकल पॉइंट’ का मंचन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बहिरंग मंच पर विचित्रानंद, भुवनेश्वर द्वारा निर्देशित नृत्य नाटिका ‘जल दर्पण’ का भी प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें जल संरक्षण और सांस्कृतिक संदेशों को प्रस्तुत किया जाएगा।











