भोपाल, 2 जून ।
मध्य प्रदेश शासन के मंत्री दिलीप अहिरवार ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी स्थानीय समस्याएं और जनहित के मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे, जिन पर उन्होंने गंभीरता से चर्चा करते हुए संबंधित मामलों के शीघ्र समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि सरकार जनहित के कार्यों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है, साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता और सरकार के बीच मजबूत सेतु के रूप में कार्य करने का आग्रह किया।
उन्होंने संगठनात्मक विषयों पर भी कार्यकर्ताओं से संवाद किया और कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता एवं जनसेवा की भावना ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है, जिससे विकास कार्यों को गति मिलती है।
कार्यक्रम में मंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्राप्त सभी शिकायतों और सुझावों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।












