नई दिल्ली, 11 जून।
गुरुग्राम में आयोजित एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो से जुड़े वायरल वीडियो मामले पर राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने सख्त रुख अपनाते हुए हरियाणा के पुलिस महानिदेशक को त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
आयोग ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए कहा कि शो के दौरान एक महिला के प्रति गैर-सहमति वाले व्यवहार और जबरन स्पर्श को लेकर की गई टिप्पणियों को दर्शकों द्वारा सराहा जाना गंभीर चिंता का विषय है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने डीजीपी हरियाणा को पत्र लिखकर तत्काल, सख्त और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सात दिनों के भीतर विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने को कहा गया है।
आयोग ने यह भी निर्देश दिए हैं कि मामले में भारतीय न्याय संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज होने की स्थिति की जांच की जाए, वायरल वीडियो का सत्यापन किया जाए तथा कार्यक्रम के आयोजकों, कलाकारों और स्थल प्रबंधन की भूमिका की विस्तृत पड़ताल की जाए।
इस प्रकरण में आयोग ने कॉमेडियन प्रणित मोरे और “370 की बिरयानी” टिप्पणी से जुड़े हिमांशु जांगड़ा को नोटिस जारी कर 22 जून को शाम 4 बजे उपस्थित होने के लिए तलब किया है।
एनसीडब्ल्यू ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सहमति और गरिमा का अपमान करने वाली किसी भी प्रस्तुति को मनोरंजन या हास्य के रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता। आयोग ने कहा कि ऐसे व्यवहार समाज में लैंगिक हिंसा की प्रवृत्ति को बढ़ावा देते हैं और महिलाओं को वस्तु के रूप में देखने की मानसिकता को मजबूत करते हैं।











