जकार्ता, 02 जून ।
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने इंडोनेशिया ओपन 2026 में शानदार शुरुआत करते हुए महिला एकल के पहले दौर में थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान को सीधे गेमों में हराकर अगले चरण में प्रवेश कर लिया। वहीं पुरुष युगल में एमआर अर्जुन और हरिहरन अम्साकरुणन की जोड़ी ने भी जीत दर्ज कर दूसरे दौर में जगह बनाई।
इस्तोरा सेनायन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सिंधु को पहले गेम में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। हालांकि उन्होंने आक्रामक खेल दिखाते हुए 25-23 से गेम अपने नाम किया। इसके बाद दूसरे गेम में भी लय बरकरार रखते हुए 21-16 से जीत हासिल की। यह मुकाबला 51 मिनट तक चला।
विश्व रैंकिंग में फिर से शीर्ष-10 में जगह बनाने वाली सिंधु ने थाई खिलाड़ी के खिलाफ लगातार 11वीं जीत दर्ज की। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब आमने-सामने के मुकाबलों का रिकॉर्ड 21-1 हो गया है। दूसरे दौर में सिंधु का सामना शीर्ष वरीयता प्राप्त और विश्व नंबर एक खिलाड़ी आन से यंग से होने की संभावना है।
पुरुष युगल वर्ग में हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन ने मलेशिया के अनुभवी खिलाड़ी टैन वी कियोंग और उनके जोड़ीदार नूर मोहम्मद अजरीन को 21-18, 21-10 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। भारतीय जोड़ी ने यह मुकाबला मात्र 33 मिनट में अपने नाम किया।
हालांकि पुरुष एकल में भारत को झटका लगा, जब लक्ष्य सेन को मेजबान इंडोनेशिया के अल्वी फरहान के खिलाफ 19-21, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा। अल्वी ने हाल ही में सिंगापुर ओपन में विश्व नंबर एक शी यूकी को भी पराजित किया था।
महिला युगल में त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारतीय जोड़ी वापसी मुकाबले में प्रभाव नहीं छोड़ सकी और इंडोनेशिया की फेब्रियाना द्विपुजी कुसुमा तथा मेलिसा ट्रायस पुस्पितासारी की जोड़ी से 14-21, 12-21 से हार गई।
मिश्रित युगल वर्ग में भी भारत को निराशा हाथ लगी। ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की जोड़ी को चीन की छठी वरीयता प्राप्त गुओ शिन वा और चेन फांग हुई की जोड़ी ने 21-11, 21-10 से पराजित कर दिया।










