नई दिल्ली, 05 जून।
तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़े बदलाव के संकेत मिले हैं। प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि पार्टी महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के माध्यम से की गई है।
अन्नामलाई के इस्तीफे की घोषणा के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर पहले ही संकेत दिए थे कि वे शुक्रवार दोपहर 12 बजे अपने भविष्य के कदमों के बारे में जनता को जानकारी देंगे। चर्चा है कि वे किसी नए राजनीतिक दल का गठन कर सकते हैं और अपनी अलग सियासी राह चुन सकते हैं।
बताया जा रहा है कि एआईएडीएमके के साथ हुए सीट बंटवारे को लेकर अन्नामलाई काफी समय से असहज थे और पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रहे थे।
इस मुद्दे पर चर्चा के लिए वे सोमवार को दिल्ली आए थे और मंगलवार को उन्होंने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन तथा गृह मंत्री अमित शाह से भेंट की थी।
इसी दौरान उन्होंने पांच पेज का अपना त्यागपत्र नितिन नवीन को सौंप दिया था। बुधवार तक वे पार्टी से सकारात्मक प्रतिक्रिया की उम्मीद में रहे, लेकिन कोई समाधान न निकलने के बाद अब उनके इस्तीफे को मंजूरी मिल गई है।










