कानपुर, 05 जून।
कानपुर के ग्वालटोली क्षेत्र में चर्चित हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद जाहिद उर्फ खूंटी की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी और कुख्यात हिस्ट्रीशीटर राजू कश्यप उर्फ राजू करिया को पुलिस ने गुरुवार देर रात एक मुठभेड़ के बाद धर दबोचा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व जाहिद उर्फ खूंटी गंभीर रूप से घायल अवस्था में टाटमिल चौराहे के निकट पाया गया था। इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और तफ्तीश शुरू की। छानबीन में बादशाहीनाका के राजू करिया का नाम सामने आया। पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। गुरुवार रात रेलबाजार पुलिस ने सीओडी पुल के पास संदिग्ध को रोककर पूछताछ का प्रयास किया, जिस पर उसने पुलिस पार्टी पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया।
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि राजू करिया पर चोरी, लूट समेत 38 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि राजू और जाहिद पहले साथ मिलकर अपराध करते थे। एक चोरी की घटना में जाहिद के भाग जाने से दोनों के बीच गहरा मनमुटाव हो गया था।
जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि चोरी के माल के बंटवारे को लेकर भी दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते राजू करिया ने योजनाबद्ध तरीके से अपने साथी जाहिद की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।











