अमेठी, 05 जून।
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के जायस थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बक्शी का पुरवा गांव में खेत की मेड़ पर 15 वर्षीय एक नाबालिग किशोर का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जागेश्वर के पुत्र आर्यन के रूप में हुई है, जिसकी अत्यंत निर्ममता से गला रेतकर हत्या कर दी गई है।
परिजनों के अनुसार, आर्यन गुरुवार की रात गांव में ही आयोजित एक जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए घर से निकला था। देर रात तक उसके न लौटने पर घरवालों ने तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह गांव से करीब 100 मीटर दूर खेत में उसका शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया।
जिले के अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की कई टीमें घटना के अनावरण के लिए सक्रियता से काम कर रही हैं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। शुरुआती जांच में पुलिस इसे लड़कों के बीच हुए किसी आपसी विवाद का परिणाम मान रही है। परिजनों की ओर से दी जा रही लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की सघन जांच कर रही है।











