नोएडा, 05 जून।
नोएडा में सड़क हादसों का कहर लगातार जारी है। थाना सेक्टर 39 क्षेत्र में दलित प्रेरणा स्थल के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार 42 वर्षीय फहीम इकबाल की जान चली गई।
मूल रूप से दिल्ली के छतरपुर निवासी फहीम अपनी बाइक से गुजर रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से जख्मी फहीम को फौरन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दूसरी ओर, थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में भी एक सड़क दुर्घटना में 41 वर्षीय धर्मवीर ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बुलंदशहर के रहने वाले धर्मवीर इस हादसे में बुरी तरह घायल हो गए थे और उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्थानीय पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली है और मामले की जांच की जा रही है।















