सुपौल, 05 जून।
एनएच-27 पर बांस चौक के समीप गुरुवार देर रात अपराधियों ने लूटपाट का विरोध करने पर एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित अमित कुमार उर्फ छोटू फिगलासं चकला से कुसहा की ओर जा रहे थे, तभी तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने पहले युवक से उसका मोबाइल फोन छीना और फिर उनकी बाइक लूटने का प्रयास किया।
युवक द्वारा साहस दिखाते हुए लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने उन पर फायर कर दिया। गोली युवक के शरीर के बाएं हिस्से में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को फौरन राघोपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति के कारण उन्हें सुपौल सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस हर संभव बिंदु पर जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
हाईवे पर सरेआम हुई इस गोलीबारी की घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। आमजन ने एनएच-27 पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम और पुलिस की रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क पर आपराधिक गतिविधियों में लगातार इजाफा हो रहा है, जिसे रोकना प्रशासन के लिए अब बड़ी चुनौती बन गया है।















