उत्तर दिनाजपुर, 05 जून।
जिले के चाकुलिया स्थित साहापुर दो नंबर ग्राम पंचायत के पागलपुर इलाके में शुक्रवार को बम विस्फोट की एक हृदयविदारक घटना घटी है। एक परित्यक्त (खाली) घर में छिपाकर रखे गए बम को बच्चों ने खेल का गेंद समझ लिया, जिसके बाद हुए धमाके में चार लोग घायल हो गए।
घटना के अनुसार, सुबह कुछ बच्चे उस खाली पड़े घर में खेल रहे थे। वहां उन्हें गोल आकार की कुछ वस्तुएं मिलीं, जिन्हें उन्होंने गेंद समझकर आपस में फेंकना शुरू किया। तभी अचानक एक बम फट गया और जोरदार धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। इस हादसे में आठ वर्षीय दिलवार गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। उसे प्राथमिक उपचार के लिए चाकुलिया स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया है।
धमाके की चपेट में आने से दो महिलाओं सहित कुल तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना पाकर चाकुलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर ली। जिस घर में विस्फोटक रखे गए थे, उसे पुलिस ने सील कर दिया है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में बम वहां किसने और किस उद्देश्य से छिपाकर रखे थे। स्थानीय निवासियों ने इस मामले में संलिप्त दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।















