कानपुर, 05 जून।
महाराजपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में मंदिर परिसर में सो रहे एक किसान की निर्मम हत्या का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में मृतक के भांजे को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने पुरानी रंजिश और पारिवारिक अनबन के चलते अपने मामा की गला रेतकर जान ले ली थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था।
घटनाक्रम के अनुसार, तीन जून की रात कालीशंकर निषाद अपने घर के सामने स्थित मंदिर में सो रहे थे, तभी किसी अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पुत्री की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और मामले की तहकीकात शुरू की।
पुलिस की गठित टीम ने कड़ी मशक्कत और साक्ष्यों के आधार पर किशनपुर निवासी शुभम को कटरी गंगा किनारे स्थित काली मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि मामा के साथ उसका लंबे समय से विवाद चल रहा था और पुरानी रंजिश के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया है।
आरोपित को अदालत में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने वाली पुलिस टीम की तत्परता को देखते हुए डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने टीम के लिए 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।







.jpg)







