नोएडा, 04 जून ।
नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने ठेली-पटरी कारोबारियों को धमकाकर और उनके साथ मारपीट कर रंगदारी वसूलने के आरोप में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर दुकानदारों से हर महीने मोटी रकम की मांग करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार एक दुकानदार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सेक्टर-150 में दुकान लगाने वाले लोगों से मुनेंद्र और नरेंद्र नामक दो भाई मारपीट करते हैं तथा उनसे हर माह 20 से 25 हजार रुपये रंगदारी की मांग करते हैं।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मुनेंद्र भी शामिल है, जो सेक्टर-150 में इंजीनियर युवराज की मौत के मामले में दिए गए अपने बयान को लेकर पहले चर्चा में रह चुका है।
जनवरी माह में पानी से भरे गड्ढे में गिरने से इंजीनियर युवराज की मौत हुई थी। उस समय मुनेंद्र ने सार्वजनिक रूप से दावा किया था कि उसने युवराज को बचाने का प्रयास किया और पुलिस ने कोई मदद नहीं की।
हालांकि बाद में हुई जांच में उसके दावों की पुष्टि नहीं हो सकी थी, लेकिन उसके बयानों को लेकर मामला काफी समय तक चर्चा में बना रहा।
पुलिस के मुताबिक मुनेंद्र के खिलाफ पहले से भी चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







.jpg)


