जोधपुर, 04 जून ।शहर के बासनी औद्योगिक क्षेत्र स्थित कृष्ण मंदिर के पास रहने वाले एक व्यक्ति के साथ उसकी ही बहन और बहनोई द्वारा ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि पत्नी के इलाज के नाम पर उससे बड़ी राशि और सोना ऐंठ लिया गया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पत्नी को लगभग डेढ़ वर्ष पहले गले में गांठ की समस्या हुई थी, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा था। इसी दौरान उसके बहनोई और बहन को इसकी जानकारी मिली और वे घर पहुंचे।
आरोप है कि दोनों ने कहा कि पत्नी को अन्य गंभीर बीमारी है और किसी परिचित तांत्रिक के माध्यम से उसका सही इलाज संभव है। इसके बाद पीड़ित को विश्वास में ले लिया गया।
पीड़ित का कहना है कि धीरे-धीरे उसे डराकर और पूजा-पाठ के नाम पर रकम मांगी जाने लगी तथा यह कहा गया कि पैसे पूजा में रखने होंगे। इसी बीच पत्नी की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उससे गहने भी ले लिए।
आगे बताया गया कि पूजा के बहाने दो भांजों ने भी महिला से जेवर ले लिए और बाद में पीड़ित से यह कहकर और गहने मंगवाए गए कि इलाज के लिए आवश्यकता है। इस तरह उससे लगभग 26 तोला सोना और 26 लाख रुपये ले लिए गए।
पीड़ित का आरोप है कि अब जब वह अपने रुपये और गहनों की मांग कर रहा है तो उसे लगातार टालमटोल किया जा रहा है और उसकी बहन-बहनोई द्वारा धोखाधड़ी कर पूरी रकम हड़प ली गई है।







.jpg)


