जशपुर, 04 जून ।
लोदाम थाना क्षेत्र में ग्रामीणों की सतर्कता से कुख्यात बादी गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को बकरी चोरी के मामले में रंगे हाथों पकड़ लिया गया। हालांकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनीष खान उर्फ गोल्डन (25) निवासी टुकूपारा, सीतापुर, जिला सरगुजा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथियों के साथ चोरी की नीयत से इलाके में पहुंचा था।
घटना लोदाम बैगाटोली निवासी किशुन राम के घर की है। देर रात पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर घर के बाहर एक संदिग्ध वाहन खड़े होने और कुछ लोगों के घूमने की सूचना दी।
सूचना मिलने पर जब वह बाहर निकले तो घर के दूसरे कमरे और मवेशी कोठे का दरवाजा टूटा मिला। पेटी और अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था। चोर एक बकरा और एक बकरी लेकर जा चुके थे, जिनकी कीमत करीब 17 हजार रुपये बताई गई है।
मामले की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और ग्राम कोटवार सक्रिय हो गए। घेराबंदी कर भाग रहे एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ सीतापुर से कार में सवार होकर चोरी करने आया था। उसके कब्जे से चोरी की गई एक बकरी, टांगी, मोबाइल फोन, टॉर्च और टेप बरामद किया गया है।
ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की विस्तृत जांच कर रही है।






.jpg)


