नई दिल्ली, 05 जून।
ऑस्ट्रेलियाई हाइपरस्केल डेटा सेंटर कंपनी 'एयरट्रंक' ने भारत के डिजिटल क्षेत्र में भारी-भरकम निवेश का ऐलान किया है। कंपनी ने देश में लगभग तीन लाख करोड़ रुपये लगाने और 5 गीगावाट डेटा सेंटर क्षमता का निर्माण करने की महात्वाकांक्षी योजना पेश की है। भारतीय डिजिटल अवसंरचना के इतिहास में यह अब तक के सबसे बड़े निवेश प्रस्तावों में से एक माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एयरट्रंक के संस्थापक और सीईओ के साथ अपनी मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर इस निवेश की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि भारत की डिजिटल प्रगति अब नई गति प्राप्त कर रही है। प्रधानमंत्री के अनुसार, इस निवेश से क्लाउड कंप्यूटिंग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में भारत की साख वैश्विक स्तर पर और अधिक मजबूत होगी।
इस बड़े निवेश से न केवल रोजगार के नए अवसरों का सृजन होगा, बल्कि स्थानीय आपूर्ति श्रृंखलाओं को भी नई ऊर्जा मिलेगी। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि भारत तेजी से दुनिया की डिजिटल अर्थव्यवस्था के केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। आज यह स्पष्ट है कि वैश्विक डिजिटल भविष्य की राह तेजी से भारत के माध्यम से ही आकार ले रही है।














