अगरतला, 05 जून।
खराब मौसम की मार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के त्रिपुरा दौरे पर देखने को मिली, जिसके चलते उनका उदयपुर स्थित त्रिपुरा सुंदरी मंदिर जाने का कार्यक्रम निरस्त करना पड़ा।
शाह को शुक्रवार सुबह हेलीकॉप्टर से माताबाड़ी पहुंचकर पूजा-अर्चना करनी थी, लेकिन सुबह से ही आसमान में घने बादलों और बेहद कम दृश्यता के चलते उड़ान भरना जोखिम भरा साबित हो रहा था।
गोमटी जिले की जिलाधिकारी रिंकू लाथेर ने इस बाबत जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षा कारणों को देखते हुए गृह मंत्री का मंदिर दौरा फिलहाल स्थगित किया गया है।
शक्तिपीठ का यह मंदिर 51 शक्तिपीठों में एक है और हिंदू आस्था का बड़ा केंद्र माना जाता है। पिछले साल सितंबर में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा मंदिर परिसर के पुनर्विकसित स्वरूप का उद्घाटन किया गया था, जिसे प्रसाद योजना के अंतर्गत 54 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाएं प्रदान की गई हैं।
मंदिर का दौरा भले ही रद्द हो गया हो, लेकिन शाह के अन्य आधिकारिक कार्यक्रम पूरी तरह यथावत रहेंगे। वे अगरतला में नई पर्यटन परियोजना 'पुष्पबंत पैलेस होटल' का शिलान्यास करेंगे।
राज्य सरकार इस परियोजना को त्रिपुरा के पर्यटन मानचित्र पर बड़ी उपलब्धि के रूप में देख रही है। इसके साथ ही शाह भारत-बांग्लादेश सीमा पर स्थित लंकामुरा बॉर्डर आउटपोस्ट का मुआयना करेंगे।
दौरे के अंतिम चरण में वे बीएसएफ त्रिपुरा फ्रंटियर मुख्यालय, शालबागान में एक अहम सुरक्षा बैठक लेंगे। इस उच्चस्तरीय चर्चा में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा घेरे को अभेद्य बनाने, घुसपैठ व तस्करी रोकने की रणनीतियों और आधुनिक तकनीक के समावेश पर विशेष मंथन किया जाएगा।














