लखनऊ, 28 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश कैडर के 2023 बैच के आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही ने अपना त्यागपत्र वापस ले लिया है। इस संबंध में उन्होंने राज्य सरकार को लिखित रूप से आवेदन भेजा है। इससे पहले उन्होंने 26 मार्च को राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा प्रेषित किया था।
यह मामला उस समय चर्चा में आया था जब 24 जुलाई 2025 को एसडीएम पुवायां के पद पर तैनाती के दौरान उन्होंने एक वकील के मुंशी को परिसर की दीवार के पास खुले में शौच करते हुए रोक दिया था। पूछताछ में सामने आया था कि कार्यालय परिसर का शौचालय अत्यधिक गंदा होने के कारण उपयोग में नहीं लाया जाता। इसी दौरान दोनों के बीच तीखी बहस भी हुई थी।
स्थिति बढ़ने पर वकीलों के दबाव के बीच उन्हें उठक-बैठक करनी पड़ी थी। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए उन्हें राजस्व परिषद से संबद्ध कर दिया गया था। इस घटनाक्रम से आहत होकर उन्होंने 26 मार्च को राष्ट्रपति को त्यागपत्र भेज दिया था। अब उन्होंने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है।
इस प्रकरण पर अंतिम निर्णय उच्च स्तर पर लिया जाएगा, हालांकि इस विषय पर किसी भी अधिकारी ने आधिकारिक टिप्पणी करने से परहेज किया है।












