अपराध
24 Apr, 2026

इंदौर अपहरण कांड का खुलासा, फिरौती मांगने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

इंदौर के पलासिया क्षेत्र में अपहरण और फिरौती के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो बच्चों को सुरक्षित मुक्त कराते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इंदौर, 24 अप्रैल

इंदौर जिले में अपहरण और फिरौती के एक गंभीर मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया। इस दौरान दो नाबालिग बच्चों को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया, जबकि मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना पलासिया थाना क्षेत्र की है, जहां से दोनों बच्चों के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई थी।

जानकारी के अनुसार 23 अप्रैल 2026 की रात लगभग 8:45 बजे थाना पलासिया को दो बालकों के अचानक गायब होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गीता नगर और खटीक मोहल्ला निवासी दोनों बालक रोज की तरह तिरुपति गार्डन खेलने गए थे, लेकिन घर वापस नहीं लौटे।

जांच के दौरान क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की गई। इसी आधार पर एक संदिग्ध महिला को दोनों बच्चों को अपने साथ ले जाते हुए चिन्हित किया गया। आरोपियों ने बच्चों को चिप्स, टॉफी और मोबाइल में पालतू जानवरों की तस्वीरें दिखाकर बहलाकर अपने साथ ले लिया था। इसके बाद फरियादी के मोबाइल पर कॉल कर 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई और समय पर राशि न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पलासिया में प्रकरण दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विभिन्न थानों की संयुक्त टीमें गठित की गईं और होटल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक सर्च अभियान चलाया गया। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की लोकेशन भी ट्रेस की गई।

लगातार निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस टीम घटना स्थल से लगभग 15 किलोमीटर दूर दत्त नगर स्थित एक अपार्टमेंट तक पहुंची। वहां संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया और दोनों अपहृत बालकों को सुरक्षित छुड़ा लिया गया।

दोनों बच्चों को तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण के लिए एम.वाय. अस्पताल भेजा गया, जहां जांच के बाद उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में राधिका प्रजापति (19), तनिशा सेन (20), ललित सेन (21) और विनीत प्रजापति (22) शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से अपहरण कर फिरौती मांगने की बात स्वीकार की है। सभी आरोपियों पर आगे विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़