जगदलपुर, 26 मार्च 2026।
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के घटक एएचपी के अंतर्गत मोर मकान मोर आस (किरायानिति) के तहत निगम जगदलपुर क्षेत्र में किराए के मकानों में रहने वाले भूमिहीन परिवारों को आवास प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इस योजना का लाभ उन परिवारों को मिलेगा जिनके पास स्वयं की कोई भूमि या मकान नहीं है, जिनकी पारिवारिक आय तीन लाख रुपये से कम है और जो निगम क्षेत्र में 31 अगस्त 2015 से पहले से निवासरत हैं। योग्य परिवार ऑनलाइन आवेदन के लिए निगम कार्यालय के प्रधानमंत्री आवास योजना शाखा से संपर्क कर सकते हैं।
आवास आवंटन के लिए पूर्व में प्राप्त आवेदनों की दावा आपत्ति सूची निगम कार्यालय के सूचना पटल पर चस्पा की गई है। इस दावे या आपत्ति के लिए 30 मार्च तक कार्यालयीन समय में आवेदन किया जा सकता है। योजना के तहत पात्र परिवारों को आवास आवंटन की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न किया जाएगा।












