जयपुर, 16 मई।
राजधानी जयपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सूडान के दो नागरिकों को अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कमिश्नरेट पुलिस की विशेष टीम द्वारा ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवाओं को नशे के जाल में फंसाने वाले अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त अपराध के मार्गदर्शन में सीएसटी और रामनगरिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रामनगरिया क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 11.95 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूडान निवासी मोहम्मद अलफातिह और एलवालिद अब्देलगादिर के रूप में हुई है, जो वर्तमान में जयपुर के रामनगरिया क्षेत्र में रह रहे थे।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह मादक पदार्थ किन छात्रों और स्थानीय नेटवर्क को सप्लाई करने की योजना बना रहे थे। साथ ही ड्रग्स तस्करी के तार दिल्ली सहित अन्य राज्यों के माफिया नेटवर्क से जुड़े होने की संभावना की भी जांच की जा रही है।










