जौनपुर, 26 मार्च 2026।
जौनपुर जिले में गुरुवार को पुलिस की संयुक्त टीम और हत्या के आरोपितों के बीच हुई मुठभेड़ में दो अभियुक्त घायल अवस्था में गिरफ्तार किए गए। घायलों के कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखे, एक मोटरसाइकिल और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक शहर आयुश श्रीवास्तव ने बताया कि घटना जलालपुर थाना क्षेत्र के सिरकोनी गांव में हुई थी, जहां आशीष चौहान की हत्या की वारदात में एक दर्जन से अधिक लोगों ने चाकू से हमला किया था। शव को घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर बन्दीपुर गांव के पास फेंककर हमलावर फरार हो गए थे।

पुलिस जांच में पता चला कि आशीष चौहान, जो संघईपुर गांव का निवासी था, बन्दीपुर के पास शराब ठेके के समीप मौजूद था, तभी एक समूह ने उसे दौड़ा लिया। वह जान बचाने के लिए सिरकोनी की ओर भागा और कई घरों में छिपने की कोशिश की, लेकिन डर के कारण किसी ने उसे शरण नहीं दी। अंततः गांव के एक मड़हे में उसे घेरकर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर हत्या कर दी गई।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चार आरोपियों—धनंजय चौहान, अविनाश चौहान, आदर्श चौहान (संघईपुर) और भोले चौहान (हीरापुर)—की पहचान की।

बुधवार देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी भाऊपुर से त्रिलोचन की ओर जा रहे हैं। ग्राम ओईना के पास घेराबंदी करते हुए मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से शिवशंकर चौहान (26) और धनंजय चौहान उर्फ नंदू (20) घायल हो गए।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।












