झुंझुनूं, 02 नवंबर।
राजस्थान के झुंझुनूं जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जिले के उदयपुरवाटी इलाके के चापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। करंट की चपेट में आ जाने की वजह से आठ श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया।
उदयपुरवाटी पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी रामपाल के अनुसार, यह भयंकर हादसा उस समय घटित हुआ जब सड़क बनाने के काम में लाई जा रही बजरी मिलाने वाली एक मशीन अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गई। मशीन में तेज करंट उतर आया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
इस दर्दनाक हादसे में मंडावरा और छापोली गांव के निवासी आठ मजदूरों ने अपनी जान गंवा दी। इसके साथ ही कई अन्य लोग इस दुर्घटना में झुलस गए हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घायलों में तीन महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस भीषण हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी संदेश में शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई गई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी इस हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज, प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता और पूरे मामले की जांच के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा ने भी इस दुखद घटना पर अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।















