जोधपुर, 16 मई।
न्याय की मांग कर रही दुष्कर्म पीड़िता की मौत के बाद जोधपुर में मामला गंभीर हो गया है। शनिवार को मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी के बाहर सर्व समाज के लोगों की बड़ी संख्या में भीड़ जुटी और निष्पक्ष जांच, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया।
घटना के अनुसार, शुक्रवार को जोधपुर-नागौर रोड स्थित एक गांव में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पानी की टंकी पर चढ़कर कीटनाशक खा लिया था। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया।
बताया गया है कि पीड़िता ने करीब एक महीने पहले स्थानीय थाने में आठ लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। उसका आरोप था कि पुलिस द्वारा मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही थी, जिससे वह लगातार मानसिक तनाव में थी। इसी कारण उसने यह कदम उठाया।
मृतका ने यह भी आरोप लगाया था कि आरोपियों ने उसकी बहन के साथ भी गलत काम किया था। जानकारी के अनुसार, उसकी बहन ने इसी वर्ष मार्च में अपने ससुराल में आत्महत्या कर ली थी, हालांकि उस समय पुलिस ने मर्ग दर्ज किया था और कारण स्पष्ट नहीं हो सका था।
इस पूरे मामले को लेकर लोगों में आक्रोश फैल गया है और अस्पताल परिसर के बाहर बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन करते हुए न्याय की मांग उठाई है।










