माउंट माउंगानुई, 17 मार्च।
दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज जॉर्डन हरमन न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही पांच मैचों की टी-20 श्रृंखला के बाकी चार मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। उन्हें दाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट लगी है।
सूत्रों के अनुसार हरमन रविवार को बे ओवल मैदान पर पहले टी-20 मुकाबले के दौरान क्षेत्ररक्षण करते समय चोटिल हो गए। चोट लगने के बाद वह मैच में आगे हिस्सा नहीं ले सके। कराए गए स्कैन में ग्रेड-2 हैमस्ट्रिंग चोट की पुष्टि हुई।
दक्षिण अफ्रीकी टीम प्रबंधन ने अभी तक हरमन के स्थान पर किसी अन्य खिलाड़ी की घोषणा नहीं की है। यह चोट टीम के रणनीतिक संतुलन पर असर डाल सकती है।
पहले टी-20 मुकाबले में मेहमान दक्षिण अफ्रीका ने सात विकेट से जीत दर्ज कर श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली थी।












