मध्य प्रदेश
27 Apr, 2026

कमलनाथ का भाजपा पर तीखा वार, महिला आरक्षण और नीतियों को लेकर लगाए गंभीर आरोप

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने महिला आरक्षण को लेकर भाजपा पर आरोप लगाते हुए परिसीमन नीति पर सवाल उठाए हैं तथा प्रदेश में पोषण आहार प्लांट बंद होने और महिलाओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

भाेपाल, 27 अप्रैल।

पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा संसद में इस विषय पर भ्रामक दावे कर रही है और परिसीमन के माध्यम से दक्षिण भारत के राज्यों के हितों के साथ अन्याय करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि महिला आरक्षण को लेकर वर्ष 2023 में विधेयक पहले ही पारित हो चुका है, जिसमें कांग्रेस ने पूर्ण समर्थन दिया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी मौजूदा संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने के पक्ष में है और इसका हर स्थिति में समर्थन करती है।

कमलनाथ ने सवाल उठाया कि यदि सरकार की मंशा वास्तव में आरक्षण देने की है तो वर्तमान संसदीय संरचना में ही इसे लागू करने में क्या बाधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बजाय विशेष सत्र बुलाकर इस विषय पर चर्चा की जा रही है, जबकि महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।

उन्होंने प्रदेश में महिलाओं द्वारा संचालित पोषण आहार प्लांट बंद होने के मुद्दे को भी उठाया। कमलनाथ के अनुसार इन प्लांटों पर भारी कर्ज होने के कारण संचालन प्रभावित हुआ है और सरकार द्वारा आवश्यक मंजूरी एवं वित्तीय समाधान न होने से स्थिति और गंभीर हो गई है।

उन्होंने यह भी कहा कि पहले जिन महिलाओं द्वारा इन प्लांटों का संचालन किया जाता था, वे अब रोजगार के लिए संघर्ष कर रही हैं, जबकि प्रदेश में कुपोषण की स्थिति पहले से ही चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि महिला सशक्तिकरण के नारे देने के बावजूद जमीनी स्तर पर योजनाएं कमजोर हो रही हैं और इस दिशा में तत्काल कदम उठाए जाने चाहिए।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़