नई दिल्ली, 30 मार्च 2026।
राजधानी के मध्य जिले के करोल बाग इलाके में 18.5 लाख रुपये की नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने मात्र 24 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 13.5 लाख रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त राेहित राजबीर सिंह ने बताया कि 25 मार्च को पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे अपने मालिक से 18.5 लाख रुपये एक दुकानदार को देने के लिए मिले थे। 24 मार्च की रात वह मोटरसाइकिल से गफ्फार मार्केट की ओर जा रहा था, तभी बाजार पहुंचते ही उसने देखा कि उसके बैग की जिप खुली हुई और नकदी गायब थी।
करोल बाग थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने विष्णु मंदिर मार्ग से गफ्फार मार्केट तक लगे सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से समीक्षा की। जांच में दो संदिग्ध युवक पीड़ित का पीछा करते हुए दिखाई दिए, जिन्होंने भीड़ का फायदा उठाकर बैग की जिप खोलकर नकदी उड़ाई।
लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के आधार पर 27 मार्च को दोनों आरोपियों को पहाड़गंज इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपक उर्फ दीपु (25) और सनी उर्फ उंगली (23) के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले बाजारों में ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे जिनके पास नकदी होने का अंदेशा होता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी दीपक के घर से 13.5 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और वे पहले भी कई चोरी के मामलों में शामिल रह चुके हैं।











