जगदलपुर, 26 मार्च 2026।
बस्तर संभाग मुख्यालय के केंद्रीय जेल जगदलपुर में बुधवार देर शाम एक कैदी दीवार फांदकर फरार हो गया, जिससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और कैदी की तलाश के लिए अधिकारी और कर्मचारी तुरंत सक्रिय हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने कोतवाली पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस भी फरार कैदी की खोज में जुट गई। जेल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि कैदी किस मामले में जेल में था और उसका नाम क्या है। बस्तर जिले के एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
कोतवाली थाना प्रभारी भोला सिंह राजपूत ने कहा कि केंद्रीय जेल अधीक्षक अक्षय तिवारी ने फोन पर कैदी के फरार होने की जानकारी दी। इसके बाद आस-पास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया गया। पुलिस जवानों को भंगाराम चौक से लेकर माता मंदिर तक के क्षेत्रों में कैदी की खोज में लगाया गया। देर रात तक टार्च की रोशनी में भी कोई सुराग नहीं मिला।
जेल अधीक्षक अक्षय तिवारी ने कहा कि कैदी की तलाश जारी है और अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस और जेल प्रशासन दोनों मिलकर फरार कैदी को पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं और सभी संभावित मार्गों पर निगरानी रखी जा रही है।












