मंदसौर जिले के खानपुरा स्थित भगवान शनिदेव मंदिर में शनिवार को शनि जयंती श्रद्धा और आस्था के माहौल में मनाई गई। इस अवसर पर समाजसेवी चयन कोमल बाफना परिवार की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
मंदिर परिसर में सुबह से देर रात तक भक्तों की आवाजाही बनी रही। श्रद्धालुओं ने भगवान शनिदेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और महाप्रसादी ग्रहण की। जानकारी के अनुसार, कोमल बाफना परिवार बीते 16 वर्षों से लगातार शनि जयंती के मौके पर इस आयोजन को करता आ रहा है और इस वर्ष भी परंपरा को आगे बढ़ाया गया।
शनि जयंती के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया। शुक्रवार रात से ही रंग-बिरंगी रोशनी से पूरे परिसर को विशेष रूप दिया गया था। इसके साथ ही गर्भगृह को सुंदर फूलों से सजाकर भव्य स्वरूप प्रदान किया गया।
दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते रहे और भगवान शनिदेव से सुख-समृद्धि व परिवार के मंगल की कामना की। धार्मिक माहौल और भव्य सजावट ने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया।









