भोपाल 29 अप्रैल।
उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेज चलो अभियान का दूसरा चरण प्रारंभ कर दिया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ना तथा प्रवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और छात्र हितैषी बनाना है।
निर्देशों के अनुसार सभी महाविद्यालयों में प्रवेश सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां विद्यार्थियों को पंजीयन एवं प्रवेश प्रक्रिया में सहायता प्रदान की जाएगी। कक्षा बारहवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों से संपर्क कर उनका पंजीयन सुनिश्चित किया जाएगा। एनसीसी और एनएसएस की सहायता से ड्रॉप-आउट विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें पुनः शिक्षा से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।
इसके साथ ही विकासखंड स्तर पर प्रवेश मेले आयोजित किए जाएंगे तथा ई-प्रवेश ऐप और पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन को प्रोत्साहित किया जाएगा। इस अभियान में छात्राओं तथा कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को विशेष प्राथमिकता देने का प्रावधान किया गया है।
विभाग ने जिला स्तरीय प्रवेश नोडल अधिकारियों को भी समन्वय के निर्देश दिए हैं, ताकि विद्यार्थियों को समय पर मार्गदर्शन, तकनीकी सहायता और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही हेल्प सेंटर, जागरूकता अभियान और निरंतर निगरानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, जिससे प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके। विभाग का मानना है कि यह अभियान अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए विभाग ने हेल्पलाइन व्यवस्था भी शुरू की है। चौबीस घंटे हेल्पडेस्क संचालित किया जाएगा। इसके साथ ही ई-प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर आठ सौ शून्य शून्य छह तीन छह तीन दो तथा टोल फ्री नंबर एक आठ सौ शून्य आठ नौ शून्य आठ तीन नौ नौ जारी किए गए हैं











.jpg)

