मौसम
20 Apr, 2026

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप, नौगांव सबसे गर्म, जबलपुर में टूटा तीन साल का रिकॉर्ड

मध्य प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान के बीच कई जिलों में लू का असर और हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है।

भोपाल, 20 अप्रैल

मध्य प्रदेश में गर्मी ने अब अपने तीखे रूप दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को जबलपुर में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अप्रैल माह में पिछले तीन वर्षों का सबसे अधिक स्तर है। वहीं छतरपुर जिले के नौगांव में पारा 44.3 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे यह प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। निवाड़ी, छतरपुर और टीकमगढ़ जैसे इलाकों में लू का असर भी महसूस किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। निवाड़ी, टीकमगढ़, पन्ना, कटनी, उमरिया, जबलपुर, मंडला और छतरपुर जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तापमान 44 डिग्री के पार जा सकता है, जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर जैसे प्रमुख शहरों में भी तापमान 40 डिग्री से अधिक बना रहेगा।

रविवार को पूरे प्रदेश में तेज गर्मी का प्रभाव देखने को मिला। नौगांव में इस सीजन में पहली बार तापमान 44 डिग्री के पार पहुंचा, जबकि मंडला 43.9 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा। खजुराहो में 43.4 डिग्री, दतिया, उमरिया और सतना में 43.1 डिग्री, दमोह में 43 डिग्री तथा नर्मदापुरम में 42.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा सीधी और सागर में 42.6 डिग्री, मलाजखंड में 42.5 डिग्री, रीवा में 42.4 डिग्री, धार में 42.2 डिग्री और टीकमगढ़ व श्योपुर में 42 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।

बड़े शहरों में भी गर्मी का असर स्पष्ट नजर आया। जबलपुर में 42.5 डिग्री, ग्वालियर में 42.4 डिग्री, भोपाल में 41.8 डिग्री, इंदौर में 40.6 डिग्री और उज्जैन में 41.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

हालांकि प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में रविवार को कुछ स्थानों पर मौसम में बदलाव देखा गया। खरगोन, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों में गरज-चमक के साथ बादल छाए रहे। भोपाल में भी दिनभर बादल छाए रहने से तापमान में मामूली राहत महसूस हुई, लेकिन सोमवार से मौसम साफ होने के आसार हैं, जिससे गर्मी और बढ़ सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के पूर्वी हिस्से में पिछले दो दिनों से सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन के कारण बादल बने हुए थे। आने वाले दिनों में 23 अप्रैल को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, हालांकि इसका प्रभाव मध्य प्रदेश पर सीमित रहने की संभावना जताई गई है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़