रामगढ़, 30 मार्च।
रामगढ़ शहर के बाजार समिति के पास सोमवार को एक अज्ञात युवक का शव पाया गया। सुबह स्कूल जाते समय कुछ लोगों ने सड़क किनारे झाड़ियों में युवक का शव देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी।
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती नजर में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि युवक की मौत किसी अन्य स्थान पर हुई और शव को सड़क किनारे फेंका गया।
घटनास्थल के आस-पास युवक की चप्पल और सड़क पर खून के धब्बे मिले हैं। शव की स्थिति और पैरों पर चोट के निशान यह संकेत दे रहे हैं कि यह हत्या का मामला हो सकता है। मृतक के शरीर पर पट्टियां भी लगी हुई थीं।
पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए उसकी तस्वीर आसपास के इलाकों और विभिन्न थानों को भेज दी है। जांच जारी है और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सूचना देने की अपील की है।












