मीरजापुर, 26 मार्च 2026।
वासंतिक नवरात्र की महाअष्टमी के अवसर पर मीरजापुर जिले के गड़बड़ा स्थित शीतला माता धाम में श्रद्धालुओं का अद्भुत जमावड़ा देखने को मिला। गुरुवार को महागौरी स्वरूप में विराजमान मां के दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं और मंदिर का कपाट खुलते ही जयकारों के बीच मां के दरबार में श्रद्धालुओं ने शीश नवाया।
भक्त अपने हाथों में गुड़हल, गुलाब, गजरा तथा रोट, हलुआ आदि प्रसाद लेकर मंदिर पहुंचे और पूरे श्रद्धा भाव से मां को अर्पित किया। भोर से शुरू हुआ दर्शन-पूजन का क्रम देर शाम तक चलता रहा। अनुमान है कि इस दौरान एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से कुंवारी कन्याएं सिर पर जवारी लेकर समूह में मंदिर पहुंचीं, जिससे मंदिर परिसर में समय-समय पर भीड़ बढ़ती रही और वातावरण भक्तिमय बना रहा।
भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव, मेला प्रभारी श्यामलाल और पीएसी बल पूरे परिसर में मुस्तैद रहे, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन मिल सके।












