जबलपुर, 05 मई।
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब कटनी से जबलपुर की ओर आ रही तेज रफ्तार यात्री बस ने नेशनल हाईवे-30 पर गोसलपुर के पास गेहूं से भरे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास किया।
इस दौरान बस ने ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और अनियंत्रित होकर बस भी सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में बस में सवार 50 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें से छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही गोसलपुर और सिहोरा पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस तथा निजी वाहनों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
फिलहाल 18 घायलों का इलाज गोसलपुर में और 21 का सिहोरा सिविल अस्पताल में जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह दुर्घटना चालक की लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने के कारण हुई। गलत तरीके से ओवरटेक करने से यह बड़ा हादसा हुआ।
पुलिस ने बस को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही सभी घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।



.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)
