ईटानगर, 13 मई।
पापुम पारे जिले के होलोंगी क्षेत्र में वन विभाग और बालिजान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गैंडे के सींग की तस्करी का बड़ा भंडाफोड़ किया गया, जिसमें चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया और लगभग 1.20 करोड़ रुपये मूल्य का संदिग्ध गैंडे का सींग बरामद हुआ।
वन विभाग के अधिकारी नबम राकेश ने बताया कि उन्हें पहले से सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर गैंडे के सींग की बिक्री की योजना बना रहे हैं, जिसके बाद अधिकारियों ने ग्राहक बनकर तस्करों से संपर्क स्थापित किया और असम-अरुणाचल सीमा क्षेत्र के होलोंगी में मिलने की योजना बनाई।
हालांकि पहली बैठक सफल नहीं हो सकी, लेकिन 12 मई को होलोंगी नदी क्षेत्र में तय दूसरी मुलाकात के दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया गया। उनकी निशानदेही पर मुख्य आरोपी के घर पर तलाशी अभियान चलाया गया, जहां से संदिग्ध गैंडे का सींग बरामद हुआ।
अधिकारियों के अनुसार आरोपित इस सींग को लगभग 1.20 करोड़ रुपये में बेचने की योजना बना रहे थे। कार्रवाई के बाद चारों आरोपितों को आगे की जांच के लिए बालिजान पुलिस के हवाले कर दिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हेमंतो दास, रोमेन कोली, हमरजीत नारजरी और अजयसिंह देओमारी के रूप में हुई है, जो सभी असम के बिस्वनाथ जिले के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक तारू गुसार ने संयुक्त टीम की सराहना करते हुए कहा कि यदि यह सींग ईटानगर पहुंच जाता तो लोग ठगी का शिकार बन सकते थे। उन्होंने यह भी बताया कि हेमंतो दास आदतन शिकारी है और उसके खिलाफ वन्यजीव अपराध से जुड़े कई मामले दर्ज हैं तथा वह हाल ही में असम की जेल से रिहा हुआ था।










.jpg)


.jpg)