मंदसौर, 04 मई।
कलेक्टर अदिति गर्ग ने साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में गेहूं उपार्जन व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी गेहूं खरीदी केंद्रों पर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से खरीदी कार्य अनिवार्य रूप से प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में किसानों को कतार में प्रतीक्षा न करनी पड़े और उनकी सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही किसानों के भुगतान समय पर सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार का प्रकरण लंबित न रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्लॉट बुकिंग व्यवस्था, गेहूं परिवहन, हम्माल, बारदान तथा तौल व्यवस्था की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। उर्वरक वितरण प्रणाली की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया गया कि संपूर्ण वितरण ई-विकास प्रणाली के माध्यम से ही किया जाए और इसकी प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया, जिसके तहत जिले में 10 क्लस्टरों में 1250 किसानों को शामिल कर लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही सभी नगरीय निकायों को फायर ब्रिगेड और फायर इंजन हमेशा कार्यशील स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।
नशा रोकथाम को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने स्कूलों और कॉलेजों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। शैक्षणिक संस्थानों के बाहर सूचना बोर्ड, फ्लेक्स और क्यूआर कोड लगाए जाने को कहा गया ताकि नागरिक सीधे शिकायत दर्ज करा सकें।
स्वास्थ्य विभाग को फार्मासिस्ट और केमिस्ट दुकानों के निरीक्षण कर स्टॉक रजिस्टर की जांच करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही एमपीआरडीसी विभाग को सड़क परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने तथा नगर पालिका को फूड जोन के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने को कहा गया।
बैठक में सड़क सुरक्षा, अत्याचार निवारण अधिनियम और हिट एंड रन मामलों की भी समीक्षा की गई तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।



.jpg)

.jpg)

.jpg)



