नई दिल्ली, 04 मई।
असम और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली बड़ी सफलता पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दोनों राज्यों की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने जो ऐतिहासिक जनादेश दिया है, उसके लिए वे दिल से धन्यवाद और अभिनंदन के पात्र हैं।
उन्होंने कहा कि संत चैतन्य महाप्रभु, स्वामी विवेकानंद और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी महान विभूतियों की धरती अब नए दौर की ओर अग्रसर है, जहां शांति, विकास और सुशासन का वातावरण स्थापित होगा। उनके अनुसार यह जनादेश राज्य की सांस्कृतिक पहचान और गौरव को पुनः स्थापित करने का प्रतीक बनकर उभरा है।
नितिन नवीन ने कहा कि यह जीत पश्चिम बंगाल की अस्मिता और परंपरा के पुनर्जागरण का संकेत देती है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘सोनार बांग्ला’ का सपना साकार करने की दिशा में पार्टी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी और राज्य के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देगी।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी मिलकर एक सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध पश्चिम बंगाल के निर्माण में योगदान दें। यह जनादेश राज्य के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
असम के संदर्भ में उन्होंने कहा कि वहां की जनता ने लगातार तीसरी बार एनडीए पर भरोसा जताकर विकास और स्थिरता के मार्ग को स्वीकार किया है। यह परिणाम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किए गए कार्यों और सुशासन की नीतियों पर जनता के विश्वास को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि असम की सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परंपराओं को संरक्षित रखते हुए राज्य को प्रगति के नए आयाम तक पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा और इसके लिए पार्टी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



.jpg)

.jpg)

.jpg)
.jpg)



