मंडी, 30 मार्च।
महिलाओं को स्वरोजगार के क्षेत्र में सशक्त बनाने के उद्देश्य से पंडोह में 35 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय महिलाओं को ब्यूटी पार्लर की मूलभूत तकनीकों में प्रशिक्षित किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन स्वरोजगार ग्रामीण प्रशिक्षण संस्थान आरसेटी, पंडोह के तहत पंजाब नेशनल बैंक के सहयोग से किया गया। लगभग 25 महिलाओं ने इसमें भाग लिया और थ्रेडिंग, वैक्सिंग, मैनीक्योर, पेडीक्योर, फेशियल तथा केरेटीन जैसी ब्यूटी पार्लर से जुड़ी स्किल्स सीखीं, जिससे वे भविष्य में इस क्षेत्र में स्वरोजगार कर सकती हैं।
शिविर के दौरान प्रशिक्षिका अंजना कुमारी ने प्रतिभागियों को प्रैक्टिकल और थ्योरी दोनों स्तर पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने महिलाओं को इस व्यवसाय से जुड़े छोटे-छोटे रहस्य और तकनीक समझाई, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। प्रशिक्षिका ने बताया कि उन्होंने स्वयं 2024 में इसी संस्थान से कोर्स पूरा किया था और अब अपने व्यवसाय के साथ-साथ प्रशिक्षण में भी योगदान दे रही हैं।
स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि यह शिविर 23 फरवरी से शुरू हुआ था और 35 दिन के प्रशिक्षण के पूरा होने पर सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर प्रशिक्षु महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। गीता देवी और सुमन ने कहा कि शिविर ने उन्हें ब्यूटी पार्लर की बारीकियां जानने और इस स्किल को अपने स्वरोजगार के रूप में अपनाने की प्रेरणा दी है।
इस कार्यक्रम में एक फेयरवेल पार्टी का आयोजन भी किया गया, जिसमें संस्थान की संकाय सदस्य स्वाती, कार्यालय सहायक गोविंद और संतोष मौजूद रहे। शिविर ने महिलाओं को नई स्किल्स सीखने और आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्रदान किए, जो उनके भविष्य को सशक्त बनाने में सहायक साबित होंगे।











