जोधपुर, 18 मार्च।
शहर के पाल रोड स्थित मंगलदीप कॉम्पलैक्स में दस दिन पहले हुई फायरिंग प्रकरण में पुलिस ने अब घायल छोटू सिंह को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद गिरफ्तार कर अभिरक्षा में लिया है। छोटू सिंह को सोमवार को छुट्टी मिली थी और उसे एक दिन की पुलिस अभिरक्षा में रखा गया।
पुलिस ने आज सुबह मंगलदीप कॉम्पलैक्स पहुंचकर घटना स्थल का सीन रिक्रेट किया। अवैध हथियार और फायरिंग प्रकरण में महिला सहित दो आरोपित देवेंद्र सिंह और एक अन्य को गिरफ्तार किया गया है। महिला को जेल भेजा गया है, जबकि देवेंद्र सिंह पुलिस अभिरक्षा में हैं।
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि ओमनगर माता का निवासी देवेंद्र सिंह पुलिस अभिरक्षा में है। एम्स अस्पताल में भर्ती शेरगढ़ के सोलंकियातला देवराजगढ़ निवासी छोटू सिंह उर्फ भवानी सिंह पुत्र माधोसिंह को सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने पर गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। उसे एक दिन की पुलिस अभिरक्षा में रखा गया था और आज फिर से कोर्ट में पेश किया जाएगा।
थानाधिकारी ने बताया कि हथियार सप्लायर जयपुर के यशराज को नामजद किया गया था, जिसकी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसके अलावा उदयपुर के विपिन नामक शख्स को भी नामजद किया गया है, जो वर्तमान में उदयपुर की कानोड जेल में बंद है। उसे प्रोडक्शन वारंट के तहत गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने आरोपितों के साथ मंगलदीप कॉम्पलैक्स पहुंचकर सीन रिक्रेट किया और जयपुर व जोधपुर की टीमों द्वारा सप्लायरों की तलाश जारी है।
चौहाबो थाने के एएसआई अनिल गुजराल ने घायल छोटू सिंह के बयानों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की। रिपोर्ट में बताया गया कि छोटू सिंह पिछले 2-3 महीने से इस फ्लैट में किराये पर रहता था और गैस पाइपलाइन कंपनी में ठेके पर काम करता है। देवेंद्र और अनिल बिश्नोई उसके दोस्त हैं। घटना वाले दिन शाम 4.30 बजे देवेंद्र के पास लोडेड पिस्टल होने के कारण उसने छोटू सिंह और अनिल पर फायरिंग की।












