नई दिल्ली, 17 अप्रैल।
टेलीकॉम सेक्टर की कंपनी मेहुल टेलिकॉम लिमिटेड का 88.02 करोड़ रुपये का आईपीओ आज से निवेशकों के लिए खुल गया है। इस इश्यू में 21 अप्रैल तक बोली लगाने की सुविधा रहेगी। इसके बाद 22 अप्रैल को अलॉटमेंट तय होगा, जबकि 23 अप्रैल को शेयर निवेशकों के डीमैट खाते में क्रेडिट किए जाएंगे। कंपनी के शेयर 24 अप्रैल को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध हो सकते हैं। दोपहर 12 बजे तक आईपीओ 58 प्रतिशत सब्सक्राइब हो चुका था।
इस इश्यू के लिए 98 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,200 शेयर का रखा गया है। रिटेल निवेशकों को दो लॉट यानी 2,400 शेयरों के लिए आवेदन करना होगा, जिसके लिए 2,35,200 रुपये का निवेश आवश्यक होगा। कुल 28,29,600 इक्विटी शेयर जारी किए जा रहे हैं, जिनका फेस वैल्यू 10 रुपये है।
इस आईपीओ में क्यूआईबी के लिए 49.91 प्रतिशत, रिटेल निवेशकों के लिए 35.08 प्रतिशत और एनआईआई के लिए 15.01 प्रतिशत हिस्सा आरक्षित किया गया है। इश्यू के लिए कम्युलेटिव कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड को बुक रनिंग लीड मैनेजर तथा केफिन टेक्नोलॉजीज को रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है, जबकि निकुंज स्टॉक ब्रोकर्स मार्केट मेकर की भूमिका निभा रहा है।
वित्तीय प्रदर्शन के अनुसार कंपनी ने हाल के वर्षों में सुधार दर्ज किया है। वित्त वर्ष 2023-24 में 1 लाख रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था, जबकि 2024-25 में कंपनी 5.74 करोड़ रुपये के लाभ में आ गई। मौजूदा वित्त वर्ष में अप्रैल से दिसंबर 2025 तक कंपनी का लाभ 7.07 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
इस दौरान कर्ज की स्थिति में भी बदलाव देखा गया। 2023-24 में कंपनी पूरी तरह कर्ज मुक्त थी, लेकिन 2024-25 में 7 लाख रुपये का कर्ज आया, जो मौजूदा वित्त वर्ष में बढ़कर 3.72 करोड़ रुपये हो गया।
नेटवर्थ में लगातार सुधार हुआ है, जो 9 लाख रुपये से बढ़कर 17.10 करोड़ रुपये और फिर 24.18 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं EBITDA भी 3.04 करोड़ रुपये से बढ़कर 8.02 करोड़ रुपये और मौजूदा वित्त वर्ष में 9.71 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।






.jpg)
.jpg)





.jpg)
