राजनीति
09 May, 2026

मोदी ने माखनलाल सरकार के पैर छूकर लिया आशीर्वाद, बंगाल में भाजपा इतिहास को किया नमन

कोलकाता में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार के पैर छूकर संगठन के संघर्ष और इतिहास को सम्मान दिया।

कोलकाता, 09 मई

पश्चिम बंगाल में पहली भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच पर मौजूद 97 वर्षीय वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता माखनलाल सरकार के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। यह पल समारोह में उपस्थित लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन गया।

माखनलाल सरकार भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के करीबी सहयोगियों में शामिल रहे हैं। भाजपा नेताओं के अनुसार कश्मीर आंदोलन के दौरान श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ऐतिहासिक अभियान में भी माखनलाल सरकार उनके साथ रहे थे। उस समय तिरंगा फहराने के आंदोलन के बाद श्यामा प्रसाद मुखर्जी को गिरफ्तार कर लिया गया था और जेल में उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। बताया जाता है कि उस दौरान माखनलाल सरकार भी उनके साथ जेल में बंद थे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और लोकसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य ने मंच पर उनका परिचय कराते हुए बताया कि 1952 के कश्मीर आंदोलन के समय उनकी गिरफ्तारी हुई थी और वे श्यामा प्रसाद मुखर्जी के अंतिम समय तक उनके साथ रहे।

माखनलाल सरकार ने उत्तर बंगाल में भाजपा संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। वर्ष 1980 में भाजपा गठन के बाद उन्हें पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग क्षेत्रों में संगठन विस्तार की जिम्मेदारी दी गई थी। उन्होंने कम समय में हजारों कार्यकर्ताओं को जोड़कर उत्तर बंगाल में पार्टी की मजबूत नींव रखी। बाद में वे सिलीगुड़ी संगठनात्मक जिले के पहले भाजपा अध्यक्ष बने और लगातार सात वर्षों तक इस पद पर कार्यरत रहे।

समारोह में शमिक भट्टाचार्य ने उनके जीवन से जुड़ी एक अन्य घटना का भी उल्लेख किया, जिसमें बताया गया कि कांग्रेस शासनकाल में देशभक्ति गीत गाने पर दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। अदालत में उनसे माफी मांगने को कहा गया, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया और अदालत में वही गीत दोबारा गाकर सुनाया। इसके बाद न्यायाधीश ने उन्हें सम्मानपूर्वक रिहा करने के साथ प्रथम श्रेणी का रेल टिकट और 100 रुपये देने का आदेश दिया था।

भाजपा नेताओं का कहना है कि पश्चिम बंगाल में पहली भाजपा सरकार का गठन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को साकार करने जैसा है। ऐसे में शपथ ग्रहण समारोह में उनके पुराने सहयोगी माखनलाल सरकार का सम्मान पार्टी के संघर्ष और संगठनात्मक इतिहास को स्मरण कराने वाला क्षण रहा।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा माखनलाल सरकार के पैर छूना केवल एक वरिष्ठ कार्यकर्ता के प्रति सम्मान नहीं, बल्कि बंगाल में भाजपा के शुरुआती संघर्ष और उसकी संगठनात्मक विरासत को नमन करने का प्रतीकात्मक संदेश भी था।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़