कोलकाता, 09 मई।
कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार को पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार के गठन का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
भाजपा विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ पांच अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। नई सरकार की पहली मंत्रिपरिषद में राज्य के उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल दोनों क्षेत्रों को संतुलित प्रतिनिधित्व दिया गया है। इसके अलावा आदिवासी, मतुआ और राजबंशी समुदाय के प्रतिनिधियों को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।
शपथ लेने वाले मंत्रियों में दिलीप घोष, अग्निमित्रा पाल, अशोक कीर्तनिया, निशीथ प्रमाणिक और खुदीराम टुडू शामिल हैं। हालांकि, फिलहाल मंत्रियों के विभागों का बंटवारा नहीं किया गया है।
शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर और नंदीग्राम सीट से जीत हासिल कर विधानसभा में प्रवेश किया है। वहीं दिलीप घोष ने खड़गपुर सदर, अग्निमित्रा पाल ने आसनसोल दक्षिण, अशोक कीर्तनिया ने बनगांव उत्तर, खुदीराम टुडू ने रानीबांध और निशीथ प्रमाणिक ने माथाभांगा सीट से विजय प्राप्त की है।
सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल का पूरा विस्तार अभी बाकी है और आने वाले दिनों में इसमें और नाम जोड़े जा सकते हैं। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 207 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था, जिसके बाद मुख्यमंत्री पद के लिए शुभेंदु अधिकारी का नाम प्रमुखता से सामने आया।
पार्टी की विधायक दल बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके नाम की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि सभी प्रस्तावों में केवल शुभेंदु अधिकारी का ही नाम सामने आया था, जिसके बाद उन्हें सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री चुना गया।










