बिलासपुर, 01 मई
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने गश्त के दौरान एक मां और उसकी बेटी को सूटकेस में गौमांस ले जाते हुए पकड़ा। रायपुर की ओर से आई इन दोनों महिलाओं के पास ट्रॉली बैग में दस किलो से अधिक कथित गौमांस भरा हुआ था। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने सूटकेस में गौमांस होने की बात स्वीकार कर ली है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार महिलाओं की पहचान रेहाना परवीन उम्र लगभग 47 वर्ष और उनकी बेटी अलीना खान उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों आपस में मां-बेटी हैं और रायपुर से बिलासपुर की ओर यात्रा कर रही थीं।
रेलवे स्टेशन के समीप गश्त के दौरान पुलिस ने देखा कि दोनों महिलाएं भारी ट्रॉली बैग लेकर काफी घबराई हुई अवस्था में चल रही थीं। पुलिस को देखते ही उन्होंने अपना रास्ता बदलने का प्रयास किया, जिससे संदेह और गहरा हो गया। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोककर पूछताछ की तो ट्रॉली बैग से तीव्र दुर्गंध आ रही थी। सूटकेस खुलवाने पर कपड़ों की बजाय काले रंग की बड़ी पॉलीथिन थैलियां मिलीं, जिनमें दस किलो से अधिक मांस भरा हुआ था।
पुलिस ने दोनों महिलाओं को तत्काल हिरासत में लेकर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। जब्त मांस के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं। इस घटना की जानकारी मिलते ही कुछ गौसेवक थाने के बाहर एकत्रित हो गए, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
तोरवा थाना पुलिस अब उन लोगों की तलाश कर रही है जिन्होंने रायपुर में यह मांस महिलाओं को सौंपा था। दोनों आरोपितों के मोबाइल फोन खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि बिलासपुर में यह खेप किसे पहुंचाई जानी थी और इस पूरे नेटवर्क से कौन-कौन जुड़े हैं।









