भोपाल, 03 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश कैडर के एक और आईएएस अधिकारी को दिल्ली में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है, जबकि राज्य सरकार ने दो नए राज्य सूचना आयुक्तों की नियुक्ति की है। 2012 बैच के आईएएस फटिंग राहुल हरिदास को केंद्र ने केंद्रीय मंत्री का निजी सचिव नियुक्त किया है।
राज्य सरकार ने आलोक नागर और राजेश भट्ट को राज्य सूचना आयुक्त पदस्थ करने की अधिसूचना जारी की है। यह नियुक्ति सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 की धारा 15(2) के अंतर्गत की गई है। वर्तमान में राज्य सूचना आयोग में पदस्थ मुख्य सूचना आयुक्त और तीन राज्य सूचना आयुक्तों के अतिरिक्त ये दो नए सदस्य शामिल होंगे।
राज्य सूचना आयुक्त का कार्यकाल उनके पद ग्रहण की तिथि से तीन वर्ष या 65 वर्ष की आयु तक रहेगा, जो भी पहले आए। आलोक नागर 1990 से 2007 तक उज्जैन संभाग में असिस्टेंट रजिस्ट्रार फर्म्स एंड सोसाइटी पद पर रहे और उज्जैन संभाग कार्यालय स्थापित होने से पहले असिस्टेंट रजिस्ट्रार थे। उन्होंने 2025 में भोपाल में रजिस्ट्रार पद से सेवानिवृत्ति ली। वहीं, राजेश भट्ट उज्जैन निवासी हैं और वर्तमान में आकाशवाणी भोपाल में कार्यक्रम प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।
इधर, डिपार्टमेंट ऑफ पर्सनल ट्रेनिंग ने मुख्य सचिव अनुराग जैन को सूचित किया कि आईएएस फटिंग राहुल हरिदास को केंद्रीय पंचायती राज तथा फिशरीज, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के मंत्री राजीव रंजन सिंह का निजी सचिव नियुक्त किया गया है। हरिदास इस पद पर पांच वर्षों तक कार्यरत रहेंगे। इसके लिए उन्हें एमपी हाउसिंग बोर्ड से केंद्र के लिए रिलीव करने के निर्देश भी दिए गए हैं।












