भोपाल, 19 मई।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मंगलवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में आयोजित होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक में भाग लेंगे। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और परिषद के अध्यक्ष अमित शाह करेंगे और बैठक सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार इस बैठक में मध्य प्रदेश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ राज्य भाग लेंगे, जो इस परिषद के सदस्य हैं। बैठक की मेजबानी इस बार छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा की जा रही है।
मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्यों के बीच तथा राज्यों के आपसी मुद्दों पर विचार-विमर्श कर उनका सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि समन्वय और सहयोग को और मजबूत किया जा सके।
इस बैठक में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल रहेंगे।
इसके अलावा परिषद के सदस्य राज्यों के मुख्य सचिव, नीति आयोग के प्रतिनिधि, अंतर्राज्यीय परिषद के सदस्य और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहेंगे और विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे।
गौरतलब है कि मध्य क्षेत्रीय परिषद की पिछली बैठक गत वर्ष जून माह में वाराणसी में आयोजित की गई थी।












